प्रेमिका ने अपनी सहेली के साथ मिलकर प्रेमी का किया मर्डर!

प्रेमिका ने अपनी सहेली के साथ मिलकर प्रेमी का किया मर्डर!

 बलरामपुर: में कॉलेज के छात्र को उसकी प्रेमिका और नाबालिग सहेली ने मिलकर मार  डाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि युवक ने उनसे दुष्कर्म की कोशिश की थी। मना करने पर भी वो नहीं मान रहा था। घटना सिटी कोतवाली क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पुटसूरा निवासी वीरेंद्र यादव (18) अपनी बहन के साथ बलरामपुर के वार्ड क्रमांक- 2 मरियमपारा में किराए से रहता था। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उसकी बहन को एक युवक ने फोन कर बताया कि वीरेंद्र बेहोशी की हालत में किसी युवती के घर के बाहर पड़ा है।

वीरेंद्र की बहन पुनीता मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से भाई को हॉस्पिटल लेकर गई। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुनीता की रिपोर्ट पर पुलिस ने युवती और उसकी नाबालिग सहेली को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ग्राम पुटसूरा की ही रहने वाली हैं और किराए के मकान में रहकर कॉलेज में पढ़ती हैं। पूछताछ में युवती ने बताया कि वीरेंद्र से उसका अफेयर चल रहा था। वह 26 मार्च की सुबह 10 बजे घर आया था।

यहां उसे और उसकी सहेली को देख वीरेंद्र की नीयत बिगड़ गई। उसने दोनों से दुष्कर्म की कोशिश की। उसे मना भी किया, लेकिन वो नहीं माना। इससे आक्रोशित होकर दोनों ने घर में रखी नाइलोन की रस्सी को पंखे की रॉड में फंसाया और फंदा बनाकर उसके गले में डाल दिया। इसके बाद गला घोंटकर  मार डाला। लाश को युवती और उसकी सहेली ने घर से बाहर फेंक दिया। इसके बाद दोनों अपने कमरे में चली गईं।