एंबुलेंस गाड़ी के अंदर महिला ने दिया बच्चे को जन्म

एंबुलेंस गाड़ी के अंदर महिला ने दिया बच्चे को जन्म

हिमाचल प्रदेश: के मंडी जिला में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने इमरजेंसी में गर्भवती महिला का सफल प्रसव करवाया। जच्चा और बच्चा बिल्कुल सुरक्षित हैं। 108 एंबुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन (EMT) प्रकाश चंद व पायलट राजेश की जोगेंद्रनगर क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, जोगेंद्रनगर के गलू गांव की 20 वर्षीय गर्भवती महिला सीमा देवी स्थानीय सिविल अस्पताल में एडमिट थी। गर्भवती को शनिवार सुबह करीब 7:00 बजे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एंबुलेंस ने आधे घंटे का सफर तय किया था कि प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

मंडी और कांगड़ा जिला की सीमा घटा के पास प्रकाश चंद और पायलट राजेश ने सड़क किनारे एंबुलेंस खड़ी करके महिला का सफल प्रसव करवाया। जच्चा और बच्चा को बैजनाथ सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।