छत्तीसगढ़ के इस जिले में कड़ाके की ठंड

छत्तीसगढ़ के इस जिले में कड़ाके की ठंड

रायपुर: समुद्री तूफान की वजह से छत्तीसगढ़ से जा चुकी सर्दी लौट आई है। इस बार पूरे तेवर के साथ। सरगुजा संभाग के जिलों में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी है। शनिवार को जशपुर में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह प्रदेश का सबसे ठंडी जगह बन गया है। लेकिन रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में अभी सर्दी का असर नहीं दिख रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को जशपुर में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रहा। पिछले चार दिनों में ही इस स्थान के न्यूनतम तापमान में 8.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। 14 दिसम्बर को यहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। उस दिन का सबसे कम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस था जो कोरिया में रिकॉर्ड किया गया था। शनिवार को कोरिया का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं सरगुजा में यह 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है, सरगुजा संभाग में यह स्थिति अब सामान्य की ओर है। अब यहां ठंड बढ़ने के आसार दिख रहे हैं

सरगुजा संभाग में ठंड से बचाने वाले अलाव बढ़ गए हैं।

इधर बिलासपुर संभाग में सबसे ठंडी जगह कोरबा रही, जहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। बिलासपुर का तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस, पेण्ड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। दुर्ग संभाग में कवर्धा में सबसे कम 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं दुर्ग में 16.4 और राजनांदगांव में 16.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री रहा है। वहीं बस्तर की सबसे ठंडे स्थानों में शुमार नारायणपुर में भी शनिवार को 15.4 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है।

ठंडी हवाओं पर एंटी साइक्लोन का असर

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा का कहना है, यह एंटी साइक्लोन का असर है। सामान्य तौर पर इस मौसम में राजस्थान के ऊपर एक एंटी साइक्लोन बनता है। इसके असर से प्रदेश में ठंडी हवाओं का असर अधिक होता है। इस बार यह एंटी साइक्लोन महाराष्ट्र और गुजरात के बीच बना है। इससे इसका प्रभाव कम हो रहा है। उत्तर के जिलों में उत्तरी हवाओं का सीधा असर है। ऐसे में वे अधिक ठंडे हैं। लेकिन मध्य और दक्षिण के जिलों में नमी बनी हुई है। ऐसे में यहां गर्मी महसूस हो रही है।