हिरमी सीमेंट प्लांट के वाहन ने चार गायों को रौंदा,दर्दनाक हादसे के बाद सड़क किनारे फेंक दिए

हिरमी सीमेंट प्लांट के वाहन ने चार गायों को रौंदा,दर्दनाक हादसे के बाद सड़क किनारे फेंक दिए

रिपोर्टर रोहित वर्मा 

 सरकार का रोक छेका अभियान और जिम्मेदारों के दावे फेल

खरोरा: खरोरा से लगे ग्राम पंचायत हिरमी में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के वाहन की चपेट में आने से अटल चौक पर चार गायों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब 1 बजे का था। चार गौमाता की मृत्यु के बाद कंपनी का गाड़ी चालक फरार हो गया। कंपनी की ओर से मृत गायों को घसीटकर किनारे फेंक दिया गया।हिरमी के हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्लांट प्रबंधन के इस अधार्मिक कृत्य का विरोध किया है। इस दर्दनाक हादसे ने शासन की ओर से घोषित रोका छेका अभियान की पोल खोलने के साथ ही प्रशासन के बेहतर प्रबंधन के सारे दावों पर सवाल खड़ा कर दिया है। 

हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्लांट प्रबंधन को विधिवत गौ माता का अंतिम संस्कार करना ना आता है तो हमें बोल देते,हम कर देते। एक तो प्लांट की लापरवाही से गौ माता का दुखद निधन और बाद में क्रूरता का परिचय देकर सड़क किनारे फेंकना शर्मनाक है। शासन-प्रशासन को इस मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर उचित कार्रवाई करना चाहिए। सरपंच कुथरौद शिव जयसवाल ने कहा कि मृत गायों के मालिक का पता नहीं चला है। ग्राम में सूचना मिलने पर शवों को दफनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि हालही में प्लांट के तेज रफ्तार वाहनों ने 3 और जान ली थी। घटना की जानकारी मिलने पर लोगों में काफी आक्रोश है। आए दिन सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंश की दुर्घटना में मौत हो रही हैं। कई मवेशी भारी वाहनों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। गोवंश की ऐसी दुर्दशा को रोकने प्रशासन गोवंश के संरक्षण लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है। 

सरकार हर बार रोका-छेका अभियान का बिगुल बजाती है। 

गोवंश के संरक्षण के लिए योजनाएं कागजों तक सिमट कर रह जाती है। जनपद के जिम्मेदारों को चाहिए कि गोवंश की रक्षा के उचित कदम उठाए। गौठनों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करें,मवेशियों के लिए चारा,पानी का प्रबंध करें। बारिश में पशुओं की सुरक्षा के लिए शेड लगाए। गांवों में मुनादी कराकर पशुओं को खुले सड़कों में घूमने से रोके। 

ख़ासकर हाईवे में मवेशियों को जाने से रोक जाए।