भूकंप से अब तक 17,176 लोगो की मौत! सेटेलाइट में हैरान करने वाली तस्वीर

भूकंप से अब तक 17,176 लोगो की मौत! सेटेलाइट में हैरान करने वाली तस्वीर

अंतर्राष्ट्रीय: तुर्किये और सीरिया में 6 फरवरी को आए भूकंप से अब तक 17,176 लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों की संख्या 40 हजार के करीब हो गई है। कई इमारतें तबाह हो गई हैं। बेघर लोगों के लिए शेल्टर बनाए गए हैं। अमेरिकी कंपनी मैक्सार टेक्नोलॉजी ने कुछ सैटेलाइट तस्वीरें जारी की है। इनमें तबाही और शेल्टर के लिए बनाए गए टेंट दिख रहे हैं।

मृतकों को एक-साथ दफनाया जा रहा

सीरिया में मारे गए लोगों को दफनाने के लिए सामूहिक कब्रें बनाई जा रही हैं। यहां मदद करने वाली व्हाइट हेलमेट्स की टीम ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि मृत लोगों को एक साथ दफनाया जा रहा है।

राष्ट्रपति एर्दोगन बोले- हम शुरुआत में राहत पहुंचाने में नाकाम

लोगों का कहना है कि वक्त पर उन तक मदद नहीं पहुंच पा रही है। तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने इस बात को स्वीकार किया है। सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से को देखते हुए एर्दोगन ने कहा- भूकंप के बाद सरकार की शुरुआती प्रतिक्रियाओं में कमियां थीं।

दरअसल, भूकंप के बाद कई इलाकों में लोगों तक बचावकर्मी या राहत समग्री नहीं पहुंची थी। हालांकि, राष्ट्रपति एर्दोगन ने कहा कि सभी लोगों की मदद के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है और देश में कोई भी बेघर नहीं रहेगा। इधर, मदद के लिए WHO और UN समेत दुनियाभर के 70 से भी ज्यादा देश आगे आए हैं। लोकल मीडिया के मुताबिक, सीरिया में 3 लाख लोगों को मजबूरन अपना घर छोड़ना पड़ा है।