अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या

अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या

दिल्ली: मिसलगढ़ी में सोमवार सुबह करीब चार बजे टीना (24) की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस संबंध में मृतका के पति गौरव (26)को गिरफ्तार कर लिया गया। सात बजे पकड़े जाने पर उसने जुर्म कुबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उसे टीना के किसी से प्रेम संबंध होने का शक था।

आरोपी ने बताया कि वह उसके शराब पीकर आने पर झगड़ा भी करती थी। इसलिए, गुस्से में आकर उसकी जान ले ली। पहले बेसबाल के बल्ले से उसका सिर फोड़ा और फिर चुनरी से गला घोंट दिया। उसके मर जाने की पुष्टि होने पर वह घर से भाग निकला।

पुलिस ने बताया कि सुबह सात बजे एक युवक ने फोन से सूचना दी कि गोविंदपुरम के पार्क में गौरव नाम का शख्स बेहोश पड़ा है, उसके कपड़े खून से लथपथ हैं। वह पत्नी की हत्या करके आया है। दरअसल, सूचना देने वाला युवक गौरव का परिचित था। वह उसे इस हालत में देख पहले उसके घर ही गया था।

उसने गौरव के परिवारवालों को बताया कि वह पार्क में बेहोश पड़ा है। यह सुनते ही परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर भाग गए। पुलिस ने गौरव को पार्क से गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने बताया कि टीना से उसकी शादी नौ महीने पहले दिसंबर 2021 में हुई थी। उसे महसूस होता था कि टीना उसे प्यार नहीं करती, जबकि उसके छोटे भाई का बहुत ख्याल रखती है। इसीलिए उसे शक था कि दोनों के बीच कुछ चल रहा है। हालांकि, इसका कोई साक्ष्य उसे नहीं मिला।

पत्नी को जगाया और मौत की नींद सुला दिया

एनएच-9 स्थित एकेजी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास कृष्णम नाम से कैफे चलाने वाले गौरव ने पुलिस को बताया कि वह टीना से अलग होना चाहता था। इसके लिए दो दिन पहले घर से भागकर जयपुर चला गया था। परिवार के लोग वहीं पहुंच गए और रविवार को वहां से ले आए। वह रात को ही पहुंचा था। उसने शराब पी रखी थी।

उसने बताया कि उसे लगा कि इस तरह वह अलग नहीं हो पाएगा, इसलिए हत्या करने की ठान ली। सुबह चार बजे उसकी आंख खुली। टीना सो रही थी। उसे जगाया और कमरे का गेट बंद करके पीटा। इसके बाद बेसबाल के बल्ले से सिर पर कई प्रहार किए। वह गिर पड़ी। उसे लगा कि सांस चल रही है, बच सकती है, इसलिए चुनरी से गला घोंट दिया। इसके बाद गेट खोला। परिवार के लोग भी आ गए थे लेकिन कोई कुछ नहीं बोला। थोड़ी देर बाद वह भाग गया।

दबाव बनाकर लाए थे मायके से टीना को

खोड़ा निवासी टीना के पिता जयप्रकाश ने गौरव, उसके भाई मनोज व ईलू, बहन प्रीती, पिता बलवीर, माता सुमित्रा व भाभी मंजू के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोप है कि ये लोग दहेज में सात लाख रुपये की मांग कर रहे थे। गौरव शराब का आदी था। वह रोज टीना को पीटता था। वह रक्षाबंधन पर मायके गई थी और वापस ससुराल नहीं आना चाहती थी।

उन्होंने बताया कि गौरव और उसके परिवार के लोग तीन दिन पहले ही बृहस्पतिवार को दबाव बनाकर टीना को ले गए थे। उन्होंने कहा था कि बृहस्पतिवार को बेटी को मायके से भेजना शुभ नहीं होता लेकिन वे नहीं माने थे। इससे जाहिर है कि वे लोग हत्या की ठान चुके थे।

हत्या में इस्तेमाल बल्ला बरामद

एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि टीना की हत्या में इस्तेमाल बेसबाल का बल्ला और चुनरी बरामद हो गए हैं। हत्या के पीछे गौरव के नशा और पत्नी पर शक करने की वजह सामने आई है।

हत्या से गिरफ्तारी तक

सुबह चार बजे : गौरव ने टीना की हत्या की। 

पांच बजे : गौरव घर से भाग निकला।

साढ़े पांच बजे : गौरव पार्क में बेहोश मिला।

सुबह पौने छह बजे : परिजन घर से फरार हुए।

सुबह छह बजे : पुलिस ने गौरव को पकड़ा।

सुबह सात बजे : पुलिस गौरव के घर पहुंची।