युवक को गूगल में कॉल गर्ल सर्च करना पड़ा महंगा

युवक को गूगल में कॉल गर्ल सर्च करना पड़ा महंगा
युवक को गूगल में कॉल गर्ल सर्च करना पड़ा महंगा

दिल्ली/अमन विहार : इंटरनेट पर लिखी हर बात सच नहीं होती। दिल्‍ली के एक युवक को यह बात काफी मार और नुकसान झेलकर समझ में आई। ऑनलाइन ‘कॉल गर्ल्स’ सर्च कर एक युवक मुसीबत में फंस गया। वीडियो कॉल करके लड़की ने मिलने बुलाया और फिर साथियों के संग मिलकर युवक से मारपीट कर 3 हजार रुपये लूट लिए और 33 हजार अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। अमन विहार पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, 34 वर्षीय युवक परिवार के साथ पश्चिम विहार में रहता है। वह सैनिटाइजर से जुड़ा कारोबार करता है। दोपहर करीब 1 बजे वह ऑनलाइन कॉल गर्ल्स सर्च कर रहा था। एक मोबाइल नंबर मिला और उस पर एक लड़की से बात हुई। लड़की ने वीडियो कॉल कर रोहिणी सेक्टर-22 में मिलने बुलाया।

लड़की ने किया फोन और...

युवक करीब 2 बजे वहां पहुंच गया। लड़की ने वहां से प्रेम नगर की तरफ आने को कहा। युवक उस जगह पर पहुंचा। इसके बाद लड़की ने कहा कि पीर बाबा वाली जगह पर रुको। करीब 5 मिनट बाद लड़की आई और युवक की बाइक पर बैठ कर उसे पॉकेट-13 के सामने ले आई। यहां एक बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर फ्लैट में ले गई। लड़की ने किसी को वॉट्सऐप कॉल किया। कुछ देर बाद वहां एक लड़की और दो शख्स और आ गए। चारों ने उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए और पर्स से 3 हजार रुपए निकाल लिए। कहा कि जान बचानी है तो उनके अकाउंट में 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर।

धक्‍का देकर फ्लैट से निकाला

युवक ने अपने पिता को फोन किया। उन्होंने 30 हजार रुपए आरोपियों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद चारों ने धक्का मारकर उसे फ्लैट से निकाल दिया। युवक ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस मौके पर आई और केस दर्ज कर जांच में जुटी है।