अधूरे अंडरब्रिज को खोलने का प्रयास कर रहे लोगों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज 15

अधूरे अंडरब्रिज को खोलने का प्रयास कर रहे लोगों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज 15

दुर्ग: रायपुर नाका के अपूर्ण अंडरब्रिज को आवागमन के लिए खोलने का प्रयास कर रहे निर्दलीय पार्षद अरुण सिंह समेत स्थानीय लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पार्षद और स्थानीय लोगों ने 15 दिन पहले जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अंडरब्रिज खोलने की मांग की थी। अंडरब्रिज का जो भी काम बचा हुआ है। उसे जल्द पूरा करवाने के लिए कहा गया था। प्रशासन द्वारा ब्रिज को न खोलने की सूरत 15 सितंबर की सुबह 11 बजे स्थानीय नागरिकों के साथ अंडरब्रिज आम जनता के आने-जाने के लिए खोल देने की चेतावनी भी दी गई थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत तितुरडीह वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद अरुण सिंह के नेतृत्व में स्थानीय नागरिक सुबह 11 बजे रायपुर नाका अंडरब्रिज पहुंचे और अंडरब्रिज को खोलने का प्रयास करने लगे। वहां पर उपस्थित पुलिस जवानों ने पार्षद समेत स्थानीय लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया।

बता दें कि पार्षद अरुण सिंह और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को खुद ही अंडरब्रिज को शुरू करने की चेतावनी दी थी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया था। पार्षद और प्रदर्शनकारी निर्धारित समय रायपुर नाका पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पार्षद सहित वार्ड के नागरिकों को अंडरब्रिज का निर्माण पूरा न होने का हवाला देते हुए इसे आवागमन के लिए शुरू न करने की समझाइश दी। लेकिन, लोगों पर समझाइश का असर नहीं हुआ। करीब 11:45 के आसपास लोग उग्र हो गए और अंडरब्रिज पर आवागमन को बाधित करने लगाए गए टीन शेड को हटाने का प्रयास करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें भगाया।

हालांकि प्रदर्शनकारी मौके से भागे नहीं। वे वहीं पर जमा होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि जिनके आदेश पर लाठीचार्ज किया गया है। उनके खिलाफ प्राथमिकी की जाए। अन्यथा उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ ही और भी ज्यादा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञात हो कि दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने रेलवे और ब्रिज निगम के अधिकारियों के साथ रायपुर नाका अंडरब्रिज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद ब्रिज निर्माण का काम पूरा होने में 15 दिन का समय और लगने की बात कही गई थी। विधायक अरुण वोरा ने यह भी बताया था कि रायपुर नाका के साथ धमधा नाका अंडरब्रिज का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों के कराया जाएगा।